30 May 2026, Sat

जनगणना 2027 में OBC के लिए अलग कॉलम की मांग: सरगुजा संभाग में समाज ने भरी हुंकार

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, सूरजपुर रोड रेलवे स्टेशन पर सर्व पिछड़ा वर्ग समाज का विशाल धरना-प्रदर्शन,,,

सूरजपुर/ आगामी राष्ट्रीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की पृथक गणना सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सर्व पिछड़ा वर्ग समाज, संभाग-सरगुजा ने आज मोर्चा खोल दिया। समाज के बैनर तले रेलवे स्टेशन सूरजपुर रोड (विश्रामपुर) में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और धरना-प्रदर्शन कर महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रश्नावली में ओबीसी कॉलम गायब होने पर जताई चिंता

समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आगामी जनगणना-2027 के लिए निर्धारित प्रपत्र/प्रश्नावली में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए तो स्पष्ट कॉलम दिए गए हैं, लेकिन अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का कोई पृथक उल्लेख नहीं है। पत्र में कहा गया कि देश की एक बड़ी आबादी ओबीसी वर्ग से है, फिर भी उनकी वास्तविक संख्या के आकलन को नजरअंदाज किया जा रहा है।

प्रमुख मांगें

पृथक कॉलम की अनिवार्यता- जनगणना प्रपत्र में ओबीसी वर्ग के लिए अलग से कॉलम जोड़ा जाए ताकि समाज की वास्तविक जनसंख्या का सही डेटा सामने आ सके।

नीति निर्धारण- सटीक आंकड़े होने पर ही भविष्य की सरकारी योजनाओं और आरक्षण नीतियों का लाभ इस वर्ग को समुचित रूप से मिल पाएगा।

अधिकारों की रक्षा- पूर्व में दिए गए आश्वासनों के अनुरूप ओबीसी गणना को जनगणना का हिस्सा बनाया जाए।

इनकी रही मुख्य उपस्थिति- आंदोलन का नेतृत्व संरक्षक प्रदीप कुमार यादव और पारसनाथ राजवाड़े पूर्व विधायक ने किया। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से नरेश राजवाड़े संभाग प्रभारी, लक्ष्मी गुप्ता राष्ट्रीय समन्वयक, AICC, अशोक जायसवाल कोषाध्यक्ष, नरेन्द्र गुप्ता, भगवती राजवाड़े, आलोक साहू, नवीन जायसवाल और अरुण राजवाड़े सहित सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर विचार नहीं किया गया, तो आने वाले समय में वे अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए आंदोलन को और तेज करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *