30 Aug 2026, Sun

जशपुर में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा रणजीता स्टेडियम

जशपुर, 15 अगस्त 2026/ जिला मुख्यालय जशपुर के रणजीता स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया।

ध्वजारोहण के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह के दौरान शांति और उल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए।

12 प्लाटूनों ने दी शानदार परेड

समारोह में कुल 12 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। परेड का नेतृत्व मुख्य परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंट ने किया, जबकि टू-आई-सी की जिम्मेदारी सूबेदार रवि साहू ने निभाई। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, पुलिस बल, महिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के दलों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान

मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने उनका हालचाल जाना और शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान देश की आजादी में उनके योगदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में सेंट जेवियर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने बैंड के साथ देशभक्ति की धुनों की शानदार प्रस्तुति दी। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन कर समारोह में उत्साह भर दिया। कल्याण आश्रम, सेजेश हिंदी माध्यम विद्यालय, जशपुरांचल इंग्लिश मीडियम स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, संत जेवियर्स शांति भवन, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

167 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के 167 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें पुलिस, वन, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, जिला पंचायत, राजस्व, आदिम जाति कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डी.आर. राठिया एवं जयेश सौरभ टोपनो ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *