30 Aug 2026, Sun

मझगवां में उचित मूल्य दुकान पर विवाद, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लगाया ताला

बैकुंठपुर/ मझगवां – ग्राम पंचायत मझगवां स्थित सार्वजनिक उचित मूल्य दुकान क्रमांक 532001086 को लेकर विवाद बढ़ गया है। पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने 25 अगस्त 2026 को पंचनामा तैयार कर दुकान में ताला लगाते हुए बहिष्कार किया। इस संबंध में कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी, खाद्य अधिकारी और थाना प्रभारी बैकुंठपुर को सूचना भी भेजी गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, उक्त राशन दुकान का पूर्व में आकाश ग्राम उन्नयन समिति के माध्यम से संचालन किया जा रहा था। समिति के संचालन को लेकर पूर्व में कई शिकायतें सामने आई थीं। शिकायतों के बाद विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने का दावा करते हुए संबंधित समिति को निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद शासन स्तर पर प्रक्रिया पूरी कर दूसरी समिति को राशन दुकान संचालन की जिम्मेदारी दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि नई समिति पिछले तीन-चार महीनों से दुकान का संचालन कर रही थी।

इसी बीच पूर्व संचालक धनेश्वरी चौबे द्वारा न्यायालय में उचित मूल्य दुकान के संचालन को लेकर याचिका दायर किए जाने की जानकारी ग्रामीणों को हुई। पंचायत और ग्रामीणों का आरोप है कि मामले में ग्राम पंचायत तथा वर्तमान राशन दुकान संचालक को उचित रूप से पक्षकार नहीं बनाया गया और एकतरफा कार्रवाई के जरिए दुकान के संचालन का पक्ष हासिल किया गया। ग्रामीणों ने इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से पूरे मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर प्रस्ताव भी पारित किया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि धनेश्वरी चौबे को राशन दुकान का संचालन नहीं करने दिया जाएगा। पंचायत में अन्य समूह भी संचालित हैं, इसलिए शासन द्वारा किसी अन्य पात्र समूह को राशन दुकान संचालन की जिम्मेदारी देने की मांग की गई है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि संबंधित महिला ग्राम पंचायत मझगवां की निवासी नहीं हैं और यदि उनका राशन कार्ड इस पंचायत से बना है तो उसे उनके वास्तविक निवास स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए। पंचायत प्रतिनिधियों के मुताबिक, करीब 200 ग्रामीणों ने जनदर्शन के दौरान कलेक्टर और अपर कलेक्टर के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। अधिकारियों की ओर से मामले में न्यायालयीन प्रक्रिया का हवाला देते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था।

पंचायत द्वारा भेजे गए पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि धनेश्वरी चौबे की ओर से पंचायत के खिलाफ सोसायटी में ताला लगाने को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसे पंचायत ने गलत बताते हुए अपना पक्ष प्रशासन के समक्ष रखा है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि बाहरी दबाव के माध्यम से राशन दुकान संचालन में हस्तक्षेप किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन किया जाएगा।

फिलहाल उचित मूल्य दुकान को लेकर पंचायत, ग्रामीणों और पूर्व संचालक के बीच विवाद बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार उचित निर्णय लेने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *