जशपुर, 20 नवंबर 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जशपुर जिले में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान बगीचा में निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन का काम अमानक स्तर का पाए जाने पर उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित कर दिया गया। वहीं, सड़कों के निर्माण में धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को काम में तेजी लाने तथा तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव बंसल ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। बगीचा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माण की गुणवत्ता में कमी मिलने पर उन्होंने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित उप अभियंता के निलंबन के निर्देश दिए। इसके बाद प्रमुख अभियंता कार्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि में रमेश प्रसाद सिंह का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के तहत लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के 41 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का भी जायजा लिया। इस दौरान निर्माण एजेंसी की प्रयोगशाला और डामर प्लांट का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को काम की रफ्तार बढ़ाने तथा निर्माण के हर चरण में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।

बंसल ने जशपुर-सन्ना मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की। इस कार्य के लिए विभाग ने 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। उन्होंने सड़क निर्माण का काम तत्काल शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने को कहा।

इसी तरह आस्ता-कुसमी मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन और मजबूतीकरण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इस सड़क के निर्माण के लिए 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। सचिव ने कार्यों में तेजी लाकर सड़क निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जशपुर और पत्थलगांव संभाग के अधिकारियों से अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में और तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी सहित सरगुजा परिक्षेत्र और दोनों संभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
