रायपुर/ मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार को आयोजित जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान किसी ने वर्षों पुरानी स्वास्थ्य समस्या से राहत की गुहार लगाई, तो किसी ने अपने बच्चे के बेहतर भविष्य और इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगी। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में एक 83 वर्षीय बुजुर्ग को तत्काल श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराया गया, वहीं आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पा रहे बच्चों के उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही कैंसर से पिता को खो चुकी बीकॉम की छात्रा को पढ़ाई जारी रखने के लिए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया गया।
30 साल से सुनने की समस्या से परेशान बुजुर्ग को तत्काल मिली राहत
जनदर्शन में कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने पुत्र सोमनाथ राठौर के साथ पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बताया कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से सुनने की समस्या से जूझ रहे हैं। इस वजह से उन्हें सामान्य बातचीत करने और रोजमर्रा के कामकाज में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बुजुर्ग की समस्या सुनकर मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीयता से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें आंखों से देखने में भी कोई परेशानी है। परसराम राठौर ने आंखों की कमजोरी की जानकारी दी, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को श्रवण यंत्र के साथ चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर बुजुर्ग को तत्काल श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराया गया। श्रवण यंत्र लगाने के बाद जब उन्हें स्पष्ट आवाज सुनाई देने लगी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें सब कुछ अच्छी तरह सुनाई दे रहा है। इतने वर्षों बाद साफ आवाज सुनकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उनके पुत्र सोमनाथ राठौर ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

भाटापारा के बलवंत सिंह यादव को भी मिला श्रवण यंत्र
इसी जनदर्शन में भाटापारा के नेहरू वार्ड निवासी बलवंत सिंह यादव ने भी अपनी श्रवण संबंधी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उन्हें दाएं कान से कम सुनाई देता है और बाएं कान में भी सुनने की समस्या है। इसके कारण उन्हें रोजमर्रा के जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से श्रवण यंत्र और श्रवण दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया और संबंधित अधिकारियों को श्रवण दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

छह वर्षीय छयांश के पैरों का होगा ऑपरेशन, मुख्यमंत्री ने दिए तत्काल उपचार के निर्देश
जनदर्शन में रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता हिरकना बाई कोटांगले के साथ छह वर्षीय बेटे छयांश के बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। परिवार ने काफी मुश्किलों के बीच बड़े बेटे का ऑपरेशन कराया, जिसके बाद अब वह स्वस्थ है। लेकिन छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन आर्थिक तंगी के कारण नहीं हो पा रहा है।
अमित ने बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। ऐसे में दोनों बच्चों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारी वह अपनी बुजुर्ग माता और बहन के साथ मिलकर संभाल रहे हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण बेटे का उपचार कराना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
परिवार की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को बालक छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहायता की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बच्चे के उपचार के लिए सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

तीन वर्षीय पार्थ साहू के बेहतर इलाज की होगी व्यवस्था
जनदर्शन में राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची मां पूर्णिमा साहू ने भी मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा प्रीमैच्योर पैदा हुआ था। जन्म के समय उसकी स्थिति कमजोर होने के कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। वर्तमान में तीन साल की उम्र में भी पार्थ शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और चिकित्सकों ने उसे मोतियाबिंद की समस्या बताई है।
पूर्णिमा साहू ने बताया कि डॉक्टरों ने आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के उपचार पर लाखों रुपये का खर्च बताया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इतना महंगा इलाज कराना उनके लिए संभव नहीं है। अपने बेटे के बेहतर भविष्य और उपचार की उम्मीद लेकर वह जनदर्शन में पहुंची थीं।
मुख्यमंत्री ने मां की परेशानी और बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी समस्या को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्थ के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आर्थिक तंगी उसके इलाज में बाधा न बने। मुख्यमंत्री से सहायता का भरोसा मिलने के बाद पूर्णिमा साहू को बेटे के बेहतर उपचार की उम्मीद जगी है।

पिता के कैंसर इलाज में खत्म हुई जमा पूंजी, बेटी फरहीन को पढ़ाई जारी रखने का भरोसा
जशपुर से अपनी माता के साथ जनदर्शन में पहुंची बीकॉम की छात्रा फरहीन ने भी मुख्यमंत्री के सामने परिवार की आर्थिक परेशानियां रखीं। उसने बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। बीमारी से संघर्ष करते हुए वर्ष 2025 में उनके पिता का निधन हो गया।
फरहीन ने बताया कि पिता के इलाज में परिवार की आर्थिक स्थिति पूरी तरह कमजोर हो गई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है। पिता के निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। इन परिस्थितियों के बीच अपनी पढ़ाई जारी रखना भी उसके लिए चुनौती बन गया है।
फरहीन की पूरी बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उसे ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह अपनी पढ़ाई बिना किसी चिंता के जारी रखे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कठिन परिस्थितियों में सरकार जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी है।

मार्शल आर्ट में सना-सानिया ने बढ़ाया प्रदेश का मान
जनदर्शन में नवा रायपुर की मार्शल आर्ट खिलाड़ी बहनों सना और सानिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। दोनों बहनें गोल्डन कप, खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में पदक जीत चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। खास बात यह है कि सना बीकॉम और सानिया बीसीए की पढ़ाई के साथ खेल में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

जनदर्शन में समस्याओं के निराकरण पर जोर
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में सामने आए इन मामलों में स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर आर्थिक सहायता और शिक्षा तक से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने सभी आवेदकों की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में पहल का अवसर मिला।
