आरजू अंसारी
महासमुंद/ जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र स्थित करणी कृपा पावर प्लांट में किलन (औद्योगिक भट्ठी) की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सफाई के समय निकले गर्म डस्ट की चपेट में आने से पांच कर्मचारी झुलस गए। हादसे में कर्मचारियों के शरीर का करीब 30 से 70 प्रतिशत हिस्सा झुलसने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, करणी कृपा पावर प्लांट में कर्मचारी औद्योगिक भट्ठी यानी किलन की सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान गर्म डस्ट की चपेट में आने से पांचों कर्मचारी झुलस गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायल कर्मचारियों की पहचान मिथिलेश्वर, लाल सिंह, राज कुमार, भागवत और हेमंत के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पांचों कर्मचारी करीब 30 से 70 प्रतिशत तक झुलसे हैं। सभी का रायपुर के निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना के बाद प्लांट प्रबंधन की ओर से तुमगांव थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। मामला तुमगांव थाना क्षेत्र का है।
