चिरमिरी/ एमसीबी जिले के चिरमिरी में पहली बार संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता-2026 का सफल आयोजन हल्दीबाड़ी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। चिरमिरी शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न जिलों से आए कुल 94 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में महिला, पुरुष एवं विभिन्न आयु वर्ग के बाल खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक सोच, कौशल और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़े संघर्ष देखने को मिले, जिससे प्रतियोगिता रोमांचक बनी रही।
प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय प्रचलित नियमों के अनुसार आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के मार्गदर्शन एवं विशेषज्ञ आर्बिटरों की निर्णायक मंडली की देखरेख में सात राउंड के मुकाबले खेले गए। सात राउंड की समाप्ति के बाद मोहम्मद हसनैन अली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रेयांश मिश्रा द्वितीय स्थान पर रहे। श्रीमती श्रेया शिल्पी ने तृतीय, राजेश कुमार मिश्रा ने चतुर्थ तथा अरुण सिंह ने पांचवां स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।

आयोजन समिति ने बताया कि चिरमिरी में पहली बार इस स्तर की संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसे खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों का भरपूर सहयोग एवं उत्साह मिला। समिति के अनुसार इस सफल आयोजन से भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। साथ ही क्षेत्र की नई प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और युवाओं में बौद्धिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में प्रो. भागवत प्रसाद दुबे मुख्य अतिथि तथा क्षेत्रीय अस्पताल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के. बिराजी अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह, डॉ. सुमित, सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं के.बी. पटेल ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रशासक डी.के. उपाध्याय, हल्दीबाड़ी हाई स्कूल के प्राचार्य चंदन दत्ता, इंटक अध्यक्ष अब्दुल सलीम, नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष श्रीमती गायत्री बिरहा तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवांश जैन सहित अनेक अतिथि मौजूद रहे।

प्रतियोगिता का समापन महापौर रामनरेश राय के मुख्य आतिथ्य एवं चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी की अध्यक्षता में हुआ। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के सह सचिव सरोज कुमार वैष्णव, डॉ. सुमित, डी.के. उपाध्याय, सुभाष कश्यप, अब्दुल सलीम, सुजीत जायसवाल, वैभव तिवारी, आर्बिटर पी.के. मंडल, श्रीमती गायत्री बिरहा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, युवा नेता हाफिज मेमन, वरिष्ठ व्यापारी केवल सिंह, जगदीश सेठी, एल्डरमैन गणेश ठाकुर तथा पार्षद मनीष खटिक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

देर शाम आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि महापौर रामनरेश राय, डी.के. उपाध्याय तथा छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के सह सचिव सरोज कुमार वैष्णव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिरमिरी में इस स्तर की प्रतियोगिता का सफल आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ियों के निर्माण में मदद मिलेगी। आयोजन की सफलता में चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी, सचिव बी. मनियन, संघ के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं प्रायोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
