एमसीबी / MCB जिले के भरतपुर सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव तथा एमसीबी कलेक्टर को पुनः स्मरण पत्र भेजकर तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं के तहत हुई संविदा भर्तियों में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने उपलब्ध दस्तावेजों और पूर्व में की गई शिकायतों का हवाला देते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

गुलाब कमरो ने अपने पत्र में कहा है कि महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं में संविदा नियुक्तियों के दौरान नियमों की अनदेखी की गई और भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं बरती गईं। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की जाए, संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से दोबारा भर्ती कराई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले तत्कालीन नियुक्तिकर्ता अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

पूर्व विधायक ने जिन भर्तियों की जांच की मांग उठाई है, उनमें मिशन वात्सल्य के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति की संविदा भर्ती, मिशन वात्सल्य के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन की राज्य एवं जिला स्तरीय संविदा भर्ती, मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण केंद्र के संचालन के लिए की गई संविदा भर्ती, महिला संरक्षण अधिकारी की संविदा नियुक्ति तथा सखी वन स्टॉप सेंटर के संचालन हेतु सेवा प्रदाताओं की भर्ती शामिल हैं।

गुलाब कमरो का कहना है कि इस संबंध में शिकायत किए लगभग 10 माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस या सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई में हो रही देरी से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की जल्द निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और सभी संविदा भर्तियों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पुनः संपन्न कराया जाए।


