मनेंद्रगढ़/ आगामी 9 अगस्त को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस 2026 के जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को मनेंद्रगढ़ स्थित गोंडवाना भवन में सर्व आदिवासी समाज, जिला एमसीबी के तत्वावधान में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं समाजजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और आयोजन को भव्य, अनुशासित एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में पूर्व विधायक गुलाब कमरो, सर्व आदिवासी समाज के जिला संरक्षक परमेश्वर गुरुजी, जिला अध्यक्ष शरण सिंह, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह मरावी, अमर सिंह, भगवान सिंह सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सफलता के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति जताई।
बैठक के दौरान विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक लोकनृत्य, समाज की संस्कृति एवं विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां, स्वागत व्यवस्था, मंच संचालन, प्रचार-प्रसार, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग समितियों के गठन और जिम्मेदारियों के निर्धारण पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, छात्र-छात्राओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, इतिहास, भाषा, कला, लोकजीवन एवं संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण और संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस आयोजन के जरिए समाज की एकता, पहचान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने सदैव प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराएं देश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जिले के सभी समाजजनों से 9 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक के अंत में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने जिले के सभी समाजजनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लें और अपनी सहभागिता से समाज की एकता, संस्कृति एवं गौरव को मजबूत बनाने में योगदान दें। आयोजकों ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से इस वर्ष का विश्व आदिवासी दिवस जिले में गरिमापूर्ण, भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा।
