रायपुर, 20 नवंबर 2026। रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों से मुक्त कराकर सुरक्षित वापस छत्तीसगढ़ पहुंचाया है। इनमें 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं। वापस लौटने वाले श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 लोग हैं।
जानकारी के अनुसार, श्रमिकों को रोजगार, नियमित मजदूरी, भोजन और रहने की सुविधा देने का भरोसा दिलाकर महाराष्ट्र ले जाया गया था। वहां उनसे गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग का काम कराया जा रहा था। लेकिन श्रमिकों की शिकायत थी कि उनसे सुबह से रात 9 बजे तक काम लिया जाता था और वादे के मुताबिक साप्ताहिक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। पर्याप्त राशन नहीं देने, बीमार होने के बावजूद काम कराने और मारपीट व दुर्व्यवहार जैसी शिकायतें भी सामने आई थीं।
मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम पंचायत उलखर से सामने आया। यहां के एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर महाराष्ट्र के सोलापुर में अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों के साथ हो रहे शोषण की जानकारी दी थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 14 नवंबर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर महाराष्ट्र के सोलापुर भेजी गई। टीम ने वहां पहुंचकर श्रमिकों की स्थिति की जांच की। जांच में श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया और उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की गई।
20 नवंबर को सभी श्रमिक बचाव दल के साथ अपने गृह ग्राम पहुंच गए। इनमें ग्राम उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के अन्य गांवों के श्रमिक शामिल हैं। लंबे समय से परेशानी झेल रहे श्रमिकों की घर वापसी से उनके परिवारों ने राहत की सांस ली।
जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने से पहले ठेकेदार, बिचौलियों और कार्यस्थल की पूरी जानकारी जरूर लें। साथ ही मजदूरी का भुगतान नहीं होने, दुर्व्यवहार या शोषण जैसी स्थिति सामने आने पर तत्काल श्रम विभाग अथवा पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।
