रायपुर/ महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों को लेकर छत्तीसगढ़ में सोमवार, 23 नवंबर को राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सह-आयोजन में होने वाली इस कार्यशाला का विषय ‘मानव तस्करी तथा महिलाओं का घरेलू हिंसा से संरक्षण’ रखा गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका करेंगे, जबकि समापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा।
विश्वविद्यालय सभागार में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित इस कार्यशाला में न्यायपालिका, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, उच्च शिक्षा और विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं से जुड़े करीब 500 प्रतिभागी शामिल होंगे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित कई अतिथि मौजूद रहेंगे।
कार्यशाला में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से जुड़े कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, पुलिस की भूमिका, जांच प्रक्रिया और पीड़ित महिलाओं को संरक्षण एवं सहायता उपलब्ध कराने के उपायों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।
पहले तकनीकी सत्र में छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी की चुनौतियों और उससे निपटने के उपायों पर चर्चा होगी। इस सत्र की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम करेंगे। वहीं, दूसरे सत्र में घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के प्रभावी क्रियान्वयन पर मंथन किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव करेंगी।
तीसरे सत्र में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर शैक्षणिक और मनोसामाजिक दृष्टिकोण से चर्चा होगी। इसमें न्यायिक अधिकारियों, विधि विशेषज्ञों, मनोचिकित्सकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से प्रभावित महिलाओं तक कानूनी सहायता, सुरक्षा और संरक्षण की सुविधाएं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
