रायपुर/ कोरबा में कबाड़ी कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने और लेते हुए गिरफ्तार GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी पर अब निलंबन की कार्रवाई की गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त, जगदलपुर संभाग निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी मिलेगा।
जारी आदेश के अनुसार, ड्यूटी के दौरान रिश्वत की मांग करना गंभीर कदाचार माना गया है। विभाग ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।
मामला कबाड़ी कारोबारी मोहम्मद शौएब रंगरेज की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, 18 नवंबर को उनकी स्क्रैप से लदी गाड़ी को बिल होने के बावजूद रोक लिया गया था। कारोबारी का आरोप है कि GST अधिकारी ने गाड़ी छोड़ने के एवज में पहले 2 लाख रुपये की मांग की, बाद में डेढ़ लाख रुपये में मामला तय हुआ। इसमें 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में काटने और शेष एक लाख रुपये देने की बात कही गई थी।
कारोबारी ने आरोप लगाया कि गाड़ी में लोड माल की कीमत करीब 3 लाख रुपये थी, जबकि अधिकारी ने 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने और गाड़ी जब्त करने की धमकी दी थी।

शिकायत मिलने के बाद ACB की रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त टीम ने जाल बिछाया और रिश्वत की रकम लेते हुए आंचल गिरी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में इमरान मेमन (30), निवासी संजयनगर, कांकेर की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने रिश्वत की रकम दिलाने में मदद की थी। ACB द्वारा उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल मामले में विभागीय निलंबन की कार्रवाई के साथ ACB की जांच भी जारी है।
