28 Nov 2026, Sat

व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत का जलवा, 1735 के ताम्रपत्र से दुर्लभ पांडुलिपियों तक का प्रदर्शन

आरजू अंसारी

रायपुर/ नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत लोगों का ध्यान खींच रही है। भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित इस मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन के भीतर पुरातत्व विभाग की ओर से दुर्लभ पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी ये ऐतिहासिक धरोहरें प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।

भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर करीब 1,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की प्राचीन विरासत के साथ आधुनिक विकास की तस्वीर भी प्रस्तुत की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 20 नवंबर को व्यापार मेले में शामिल हुए और छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस बस्तर और प्रदेश की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं के साथ देश-दुनिया में नई पहचान बना रहा है।

प्रदर्शनी में रतनपुर के कल्चुरि काल की औषधीय पांडुलिपियां ‘खूब तमाशा’ और ‘नासकेत’ विशेष रूप से रखी गई हैं। इसके अलावा रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव द्वारा वर्ष 1735 में जारी ताम्रपत्र भी प्रदर्शित किया गया है। यह ताम्रपत्र उस दौर के राजनीतिक और प्रशासनिक इतिहास की महत्वपूर्ण जानकारी देता है। गढ़ामंडल की वीरांगना रानी दुर्गावती के युग से संबंधित स्वर्णाक्षरों में लिखी दुर्लभ पांडुलिपि और गोस्वामी तुलसीदास की शिष्य परंपरा से जुड़े सुषेनदास महाराज की रामायण विषयक पांडुलिपि भी लोगों के आकर्षण का केंद्र है।

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि मानी जाने वाली ‘तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की’ भी शामिल है। इसे वर्ष 1858 में बाबू रेवाराम कायस्थ पंडित ने लिखा था। रतनपुर को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले बाबू रेवाराम इतिहासकार, कवि और विद्वान थे। उनकी इस रचना में हैहैयवंशी यानी कल्चुरि राजाओं के इतिहास और शासनकाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं। इसके साथ ही ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के शासनकाल की मोड़ी लिपि में हस्तलिखित कर संबंधी सनद भी रखी गई है, जो तत्कालीन राजस्व और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी देती है।

छत्तीसगढ़ के आर्थिक इतिहास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण दस्तावेज भी प्रदर्शनी में लोगों को देखने मिल रहा है। यह पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर द्वारा हस्तलिखित व्यय विवरणिका है। बिलासपुर के प्रतिष्ठित नागरिक पंडित ठाकुर ने ई. राघवेंद्र राव का मार्गदर्शन किया था, जो आगे चलकर मध्य प्रांत और बरार के मुख्यमंत्री तथा गवर्नर बने। प्रथम विश्वयुद्ध से ठीक पहले, लगभग वर्ष 1913 की यह विवरणिका उस समय की आर्थिक स्थिति, रोजमर्रा की वस्तुओं के मूल्य और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी देती है।

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जुड़ी ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार’ पत्रिका की मूल प्रति भी रखी गई है। इसे भारत की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका माना जाता है। छत्तीसगढ़ के गांधी कहे जाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा ने वर्ष 1921-22 के दौरान रायपुर जेल में रहते हुए इसका संपादन और प्रकाशन किया था। असहयोग आंदोलन के समय जेल में बंद रहते हुए उन्होंने इस सचित्र द्विमासिक पत्रिका के छह अंक तैयार किए थे। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों और कैदियों के साथ जेल में किए जाने वाले दुर्व्यवहार तथा वहां की कठिन परिस्थितियों का उल्लेख किया गया था। इसके अलावा दुर्लभ चित्रित पांडुलिपियां भी प्रदर्शित की गई हैं।

प्राचीन पांडुलिपियों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार के ज्ञान भारतम मिशन के तहत खोज, सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य भारत की विशाल हस्तलिखित विरासत को सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। यह पहल विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी प्राचीन विरासत, पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर स्थित छत्तीसगढ़ पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *