आरजू अंसारी
रायपुर/ पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल सोमवार को सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत रामगढ़ में आयोजित मितानिन सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिन बहनों के समर्पण, सेवाभाव और निःस्वार्थ योगदान की सराहना की। मंत्री ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। उनकी मेहनत और सेवा भावना के कारण दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मितानिन बहनें केवल स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज में सेवा, संवेदना और विश्वास की प्रतीक हैं। वे गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करती हैं। सुरक्षित मातृत्व, संस्थागत प्रसव, बच्चों के टीकाकरण, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका बेहद सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें विपरीत परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाती हैं। विशेषकर दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। मितानिन बहनें स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीण समुदाय के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में काम करती हैं तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करती हैं।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। इस दिशा में मितानिन बहनों की सक्रिय भागीदारी बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसके नागरिकों के स्वस्थ, जागरूक और सशक्त होने से ही संभव है।
राजेश अग्रवाल ने मितानिन बहनों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ समाज की सेवा में भी जुटी रहती हैं। उनका त्याग, समर्पण और सेवाभाव पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा स्वच्छता, पोषण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने मितानिन बहनों के सेवाभाव को नमन करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। समारोह में उपस्थित मितानिन बहनों और स्थानीय नागरिकों ने भी ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने तथा जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
