आरजू अंसारी
रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर भिलाई के गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, सेक्टर-6 में आयोजित समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद भी ग्रहण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
प्रकाश पर्व समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है। उनके विचार और संदेश समाज को सदैव प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, समाज के सभी बंधुओं, माताओं-बहनों और युवाओं को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन निरंतर मिलने की कामना की।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
