आरजू अंसारी
रायपुर / सिकल सेल से प्रभावित मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामाजिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 45 पात्र हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए गए।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सिकल सेल प्रभावित हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को नियमित उपचार, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने की प्रक्रिया तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर का आयोजन यूनिसेफ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के तकनीकी सहयोग से किया गया। इस पहल का उद्देश्य सिकल सेल प्रभावित मरीजों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ शासकीय योजनाओं से जोड़ना है, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीष मेजरवार, जिला नोडल अधिकारी डॉ. सत्यनारायण पांडे, सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार सहित स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिरायु दल तथा यूनिसेफ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
