28 Nov 2026, Sat

बैकुंठपुर में प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव जलाने की मांग, नेता प्रतिपक्ष ने नगर पालिका को लिखा पत्र

आरजू अंसारी

बैकुंठपुर/ मौसम में बदलाव के साथ शहर में ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और देर शाम बढ़ती ठिठुरन के चलते आम नागरिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, राहगीरों और बाहर से शहर आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर की नेता प्रतिपक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था करने की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने 13 नवंबर को नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखकर आम नागरिकों को ठंड से राहत दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का आग्रह किया था। बैकुंठपुर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सुबह और शाम के समय बढ़ती ठंड के बीच उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कुमार चौक, जनपद चौक, जिला अस्पताल, बस स्टैंड और सब्जी मंडी सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिल सके। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से जनहित और मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द व्यवस्था करने तथा ठंड का असर रहने तक नियमित रूप से अलाव जलाने की अपील की है।

नेता प्रतिपक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह शहर की अन्य जनसमस्याओं को लेकर भी समय-समय पर आवाज उठाती रही हैं। गेज नदी में गंदे नालों का पानी प्रवाहित होने, हैचरी हटाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर नियंत्रण, स्ट्रीट लाइट, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं को उन्होंने लगातार उठाया है।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वच्छ वातावरण बनाए रखना और जनसमस्याओं का समाधान करना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। शहर के लोगों को राहत मिले और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो, यही उनकी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *