रायपुर/ राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सूटकेस से युवक की लाश मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
जांच में खुलासा हुआ है कि यह हत्या एक ज़मीन सौदे में धोखाधड़ी के चलते की गई थी। मृतक की पहचान किशोर पैकरा के रूप में हुई है, जो एचएमटी चौक, हांडीपारा का रहने वाला था और शारीरिक रूप से अक्षम था। वह व्हीलचेयर पर चलता था।
मिली जानकारी के मुताबिक, मोहदी गांव स्थित किशोर पैकरा की जमीन को रायपुर के वकील अंकित उपाध्याय ने 50 लाख रुपये में बिकवाया था, लेकिन किशोर को केवल 30 लाख रुपये ही दिए गए। जब किशोर ने बाकी के 10 लाख रुपये की मांग की, तो आरोपी दंपति ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
आरोपियों ने पहले किशोर का गला रेतकर उसकी हत्या की। फिर उसके शव को लाल रंग के सूटकेस में ठूंसकर, उस पर सीमेंट भर दिया और बाद में सूटकेस को एक स्टील ट्रंक में डालकर इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। ट्रंक पर मौजूद ‘हब्बू भाई’ की मार्किंग और आसपास के CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा रायपुर से दिल्ली भाग गए थे। दोनों को रायपुर पुलिस की टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है और आज शाम की फ्लाइट से रायपुर लाया जा रहा है। पुलिस मामले की हर एंगल से गहराई से जांच कर रही है।
इसी मामले में क्राइम ब्रांच ने दो प्रॉपर्टी डीलरों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। आशंका जताई जा रही है कि इनकी भूमिका भी इस सौदे या साजिश में हो सकती है।
https://www.instagram.com/reel/DLR0nJYS5fr/?igsh=MXF1ajd2NmF1b3M4eg==
