MCB— जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में आम आदमी पार्टी नें आज कलेक्टर जनदर्शन में एक लिखित शिकायत प्रस्तुत की, जिसमें मनेंद्रगढ़ नगर पालिका परिषद में पदस्थ उप अभियंता पवन साहू पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि पवन साहू वर्ष 2018-19 से लगातार एक ही स्थान पर पदस्थ हैं, जो कि सेवा नियमों के खिलाफ है।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा ने आरोप लगाया कि बीते पांच वर्षों में नगर पालिका में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है, और पवन साहू इस पूरे तंत्र का अहम हिस्सा रहे हैं। मिश्रा ने बताया कि करोड़ों रुपए के टेंडर बिना किसी सार्वजनिक सूचना या पारदर्शी प्रक्रिया के जारी किए गए, जिसमें भारी वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं।
शिकायत में विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 19 में निर्माणाधीन रिटर्निंग वॉल, गैस पाइपलाइन बिछाने, नालियों के निर्माण और चकर टाइल्स लगाने जैसे कार्यों का उल्लेख किया गया है, जिनमें ठेकेदारी कमीशन की स्पष्ट भूमिका रही है।
पार्टी का आरोप है कि पवन साहू अपने पद और राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए मनमाने ढंग से कार्यों का आबंटन करते हैं और विशेष ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यह न केवल सेवा नियमों के खिलाफ है बल्कि भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है।

रमाशंकर मिश्रा ने चेतावनी दी है कि यदि पवन साहू पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और उनका तबादला नहीं हुआ, तो आम आदमी पार्टी की जिला इकाई उग्र आंदोलन करेगी।
