अंबिकापुर / अंबिकापुर में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की है। जानकारी के मुताबिक, यह शराब हरियाणा राज्य से माफिया के द्वारा ट्रांसपोर्ट के जरिए यहां लाई गई थी और नए साल के मौके पर कोचियों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में बेचने की तैयारी की जा रही थी।
आबकारी विभाग के संभागीय उड़नदस्ता टीम के अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि पिछले एक महीने से लगातार अवैध शराब की बड़ी खेप दूसरे राज्यों से यहां पहुंचने की जानकारी मिल रही थी। विभाग को एक कोचिया के जरिए शराब की बड़ी डिलीवरी की खबर मिल रही थी। टीम ने लगातार नजर बनाए रखी और क्रांतिप्रकाशपुर में सौरभ सिंह के गोदाम में हरियाणा से लाई गई 300 पेटी शराब को ट्रक के माध्यम से रखा गया पाया।
सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग की टीम ने पहले सौरभ सिंह को हिरासत में लिया और उसके साथ गोदाम पहुंचकर शराब जब्त की। इस कार्रवाई में गोदाम से 300 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
आबकारी अधिकारी ने बताया कि इससे पहले भी सौरभ के कब्जे से पंजाब राज्य का करीब 30 लाख रुपए मूल्य की अवैध शराब जब्त की गई थी। उस समय उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन सौरभ फरार हो गया था। इसके बाद वह फिर से अवैध शराब के धंधे में लिप्त हो गया था।
