30 May 2026, Sat

सीएम साय की बड़ी पहल: छत्तीसगढ़ को मिले 8 नए साइबर थाने, 255 करोड़ के पुलिस भवनों का CM नें किया लोकार्पण

रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से पीएचक्यू विभाग की बैठक लेकर पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में 8 नए साइबर पुलिस थानों सहित कुल 255 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलिस आवासीय भवनों, थाना भवनों, चौकी भवनों, एसडीओपी कार्यालयों और ट्रांजिट हॉस्टलों का वर्चुअल लोकार्पण किया। कार्यक्रम में गृह मंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

इस पहल के तहत जशपुर, रायगढ़, राजनांदगांव सहित कुल आठ जिलों में नए साइबर थानों की शुरुआत की गई है। पहले से प्रदेश के पांच जिलों में साइबर थाने संचालित हैं, अब नए थानों के शुरू होने से साइबर अपराधों की जांच और त्वरित कार्रवाई की क्षमता और मजबूत होगी। इसके साथ ही चार जिलों में भारत रक्षित वाहिनी परिसर, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी तथा बड़ी संख्या में पुलिस आवासीय भवन जनता को समर्पित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नई सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे फील्ड ड्यूटी, प्रशासनिक कार्य और आपात स्थितियों में संचालन अधिक प्रभावी होगा। विशेष रूप से साइबर थानों के संचालन से ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अपराध और सोशल मीडिया से जुड़े मामलों की जांच में तेजी आएगी। वहीं आवासीय भवनों के निर्माण से पुलिसकर्मियों को ड्यूटी स्थल के पास रहने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी उपलब्धता और प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा।

लोकार्पण किए गए कार्यों में बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बेमेतरा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के थाना, चौकी, वाहिनी परिसर, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन शामिल हैं। इन विकास कार्यों से सुदूर और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी मजबूत होगी, अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और आम नागरिकों को त्वरित व प्रभावी पुलिस सेवा मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *