रायपुर/ छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय ने बजट सत्र को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अनुसार विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें आयोजित होंगी। यह सत्र राज्य की वित्तीय दिशा और विकास योजनाओं के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
सत्र की शुरुआत पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी। राज्यपाल अपने संबोधन में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं का रोडमैप सदन के सामने रखेंगे, जिसके बाद सदन की नियमित कार्यवाही शुरू होगी।

बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार बजट पेश करेगी, जिस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच व्यापक चर्चा और बहस होगी। इसके साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दे, नए विधेयक, अनुपूरक बजट और विभिन्न विभागों के कामकाज को लेकर भी सदन में सवाल-जवाब और चर्चा की संभावना है। विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना रहा है, वहीं सरकार अपनी नीतियों और योजनाओं को मजबूती से रखने की तैयारी में जुटी है।
बजट सत्र आहूत करने को लेकर राज्य सरकार ने विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह के माध्यम से राज्यपाल रमेन डेका से आग्रह किया था। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद अब इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
