रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 को भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा कि कर्तव्य भवन में तैयार किया गया यह पहला बजट देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को केंद्र में रखकर बनाया गया है, जिसमें आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना स्पष्ट रूप से झलकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को इस बजट का सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए एआई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन और डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने जैसे प्रावधान किए गए हैं। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक विकास को गति मिलेगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर उन्होंने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज सहित अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, मानसिक स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के साथ मेडिकल टूरिज्म के लिए रीजनल हब बनाए जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और रोजगार भी बढ़ेगा।
महिला सशक्तिकरण के तहत लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। साथ ही हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उच्च शिक्षा में उन्हें सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उद्योग और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क और 4 राज्यों में खनिज कॉरिडोर की घोषणा की गई है। सेमीकंडक्टर मिशन में 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को नई गति मिलेगी। खेलो इंडिया मिशन और शिक्षा सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
कर सुधारों पर उन्होंने कहा कि आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और छोटे करदाताओं को राहत दी गई है। दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस-सीएनजी जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी, जिससे आम जनता को सीधी राहत मिलेगी।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को मजबूत करता है और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस ऐतिहासिक, विकासशील और जनकल्याणकारी बजट के लिए धन्यवाद दिया।
