बैकुंठपुर / कोरिया जिला औषधि विक्रेता संघ का विधिवत पुनर्गठन आज होटल रामसेतु, बैकुंठपुर के सभागृह में छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन (CCDA) के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
पुनर्गठन पश्चात सर्वसम्मति से संघ के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष का निर्वाचन निर्विरोध रूप से किया गया।
अध्यक्ष पद पर शैलेश कुमार गुप्ता, सचिव पद पर नंदकिशोर रजवाड़े एवं कोषाध्यक्ष पद पर धर्मेंद्र गुप्ता (आरजू) को सर्वसम्मति से चयनित किया गया।

पुनः अध्यक्ष निर्वाचित होने पर शैलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्षों से केमिस्ट साथियों द्वारा व्यक्त विश्वास उन्हें केमिस्ट हित में और अधिक समर्पण व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध निर्वाचन को जिले के केमिस्टों की एकता, अनुशासन एवं निःस्वार्थ भावना का प्रतीक बताया तथा कार्यकारिणी में सभी क्षेत्रों से योग्य प्रतिनिधित्व देकर सक्षम नेतृत्व प्रदान करने की बात कही।

इस अवसर पर प्रदेश से पधारे CCDA के पूर्व उपाध्यक्ष एवं प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल, वर्तमान उपाध्यक्ष विनोद चंद्राकर, संगठन सचिव देवव्रत गौतम, बलरामपुर जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, सचिव द्वारिकानाथ पाण्डेय एवं अंबिकापुर से शैलेंद्र गुप्ता का भव्य स्वागत किया गया। अतिथियों के सारगर्भित उद्बोधनों को उपस्थितजनों ने मुक्तकंठ से सराहा।
कार्यक्रम में सदैव की भांति जिले के वरिष्ठ केमिस्टों का सम्मान किया गया। अविभाजित कोरिया जिले के सचिव सुरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए मंच संचालन किया।

परंपरा अनुसार प्रदेश, सरगुजा संभाग एवं पैतृक जिला कोरिया के मार्गदर्शन में MCB जिले के पुनर्गठन पश्चात संगठनात्मक चुनाव कराने पर सहमति व्यक्त की गई, जिसे CCDA के चुनाव उपरांत सम्पन्न किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों सहित वरिष्ठ केमिस्ट हीरालाल गुप्ता, सुरेशचंद्र बड़ेरिया, घनश्याम जिज्ञासी, अजय जायसवाल, ज्ञानप्रकाश गुप्ता,नरेंद्र जायसवाल, दशरथ मोदी, अजय गुप्ता (डब्बू), जतिंदर पाल कोहली, शिबूपाल, लवली, कृष्णावतार शुक्ला, रविकांत शुक्ला, मुश्ताक अली, पुष्पराज सिंह एवं अन्य गणमान्यजनों को स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
