रायपुर/ छत्तीसगढ़ शासन ने दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में गृह (पुलिस) विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, शिकायत की प्राथमिक जांच में डीएसपी वर्मा के खिलाफ वित्तीय लेनदेन में अनियमितता, जांच के दौरान दिए गए कथनों और व्हाट्सएप चैट के तथ्यों में विरोधाभास, कर्तव्य के दौरान अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करने, अपने पद का दुरुपयोग करने और अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं।
आदेश में कहा गया है कि यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत है, जिसके चलते उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि डीएसपी कल्पना वर्मा और रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े विवाद की जांच के दौरान कई गंभीर तथ्य सामने आए थे। शासन के निर्देश पर एडिशनल एसपी स्तर पर कराई गई जांच के बाद करीब 1475 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपी गई थी, जिसमें कई अहम खुलासे किए गए थे।

जांच रिपोर्ट में डीएसपी वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन के बीच हुई व्हाट्सएप चैट भी सामने आई, जिनमें पुलिस विभाग से जुड़ी संवेदनशील और खुफिया जानकारियां साझा किए जाने का उल्लेख है। इसे खुफिया जानकारी लीक करने जैसे गंभीर अपराध की श्रेणी में माना गया है। इन्हीं तथ्यों के आधार पर शासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित करने का निर्णय लिया है।
