रायपुर/ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रायपुर पहुंच गए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के कई मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। अमित शाह छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर हैं, जिसे सुरक्षा और विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
अपने प्रवास के दौरान वे राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे। रायपुर के होटल मेफेयर में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई है, जिसमें नक्सलवाद, सुरक्षा व्यवस्था और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। 8 फरवरी को वे वामपंथी उग्रवाद (LWE) पर सुरक्षा समीक्षा बैठक में शामिल होंगे, जिसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की रणनीति और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। इसी दिन वे ‘छत्तीसगढ़ @ 25 : शिफ्टिंग द लेंस’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में भी भाग लेंगे।
9 फरवरी को अमित शाह बस्तर दौरे पर जाएंगे, जहां वे बस्तर पंडूम महोत्सव 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम का समापन करेंगे। इस दौरान वे क्षेत्रीय विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।
जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी को शाम 4:40 बजे अमित शाह रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से निजी होटल रवाना हुए। 8 फरवरी को सुबह 11 बजे से बैठकों का दौर शुरू होगा और शाम 5 बजे तक नक्सलवाद पर उच्चस्तरीय बैठकें होंगी। शाम 5 बजे से 6:10 बजे तक वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे और रात्रि विश्राम रायपुर में ही करेंगे।
9 फरवरी को सुबह 11 बजे वे विशेष विमान से रायपुर से दंतेश्वरी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे, जहां से सड़क मार्ग से बस्तर पंडूम कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। दोपहर 12:05 से शाम 4 बजे तक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे शाम 4:20 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
