13 Jun 2026, Sat

कोरिया: सोनहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जंगल में छिपाकर रखी 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, आरोपी गिरफ्तार

कोरिया / कोरिया जिले के सोनहत थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में एचएफ डीलक्स, स्प्लेंडर और बजाज सीटी 100 सहित अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अंगवाही का एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को थाना बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी बृज कपूर ने ग्राम केशगवां के जंगल में स्थित एक खंडहरनुमा भवन में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखने की बात स्वीकार की।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छह मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की गई मोटरसाइकिलें किन-किन क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा शाह चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद पासवान, उप निरीक्षक राजाराम राठिया, प्रशिक्षु उप निरीक्षक धलेन्द्र प्रसाद भारती तथा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *