आरजू अंसारी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/ इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक बुजुर्ग यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम सक्रिय हो गई।
ट्रेन के पेंड्रारोड स्टेशन पहुंचने पर शव को उतारकर जिला अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सिकंदर आशिक खान (70 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-09, बैकुंठपुर के रूप में हुई है। वे उज्जैन से अनूपपुर जाने के लिए इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहयात्रियों ने उन्हें सीट पर अचेत अवस्था में देखा और इसकी सूचना तत्काल रेलवे प्रशासन तथा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम अलर्ट हो गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर अधिकारियों ने शव को उतारकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी शिनाख्त की गई।

इसके बाद शव को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पेंड्रारोड जीआरपी ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को घटना की सूचना दी।

पोस्टमार्टम एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

