30 Aug 2026, Sun

MCB: विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजयुमो का वृक्षारोपण अभियान, 8 मंडलों में लगाए पौधे

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला एमसीबी द्वारा जिले के 9 में से 8 मंडलों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के तहत कोटाडोल, नागपुर, जनकपुर, कुवांरपुर, केल्हारी, चिरमिरी और मनेन्द्रगढ़ सहित विभिन्न मंडलों में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि प्रकृति हमारे जीवन का आधार है और आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में अनेक लोगों के लिए जीवनदायी साबित होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए।

उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *