आरजू अंसारी
कौशांबी/ उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में वांछित आरोपियों की तलाश में पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया, जिसके बाद भीड़ ने घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में एक आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के देवनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में तीन वांछित आरोपियों—आकाश, शिवम केशरवानी और उसके एक साथी—की तलाश की जा रही थी। इसी सिलसिले में पुलिस टीम कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित ईचौली गांव पहुंची थी।
बताया गया कि पुलिस टीम ने पहले आरोपी आकाश को हिरासत में लिया और इसके बाद दूसरे आरोपी शिवम केशरवानी के घर पहुंची। जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, उसने खुद को बचाने के लिए ‘चोर-चोर’ चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिना स्थिति की पुष्टि किए पुलिसकर्मियों को चोर समझ बैठे।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया। धक्का-मुक्की के बाद मामला हिंसक हो गया और ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से निकलकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
