बैकुंठपुर/ रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने एक निजी टीवी चैनल, उसके एंकर और धर्मगुरु उमेशपुरी के खिलाफ बैकुंठपुर थाने में शिकायत दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फाउंडेशन का आरोप है कि टीवी चैनल पर प्रसारित एक कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समुदाय और पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ जानबूझकर अभद्र और भड़काऊ टिप्पणी की गई, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में वैमनस्य फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
जिला अध्यक्ष न्याजुद्दीन खान उर्फ आज़ाद खान द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि यह टिप्पणी पूरी तरह से आपत्तिजनक है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान न केवल समुदाय विशेष को आहत करते हैं, बल्कि समाज की शांति व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा बन सकते हैं।
वहीं, रज़ा यूनिटी फाउंडेशन के केंद्रीय प्रवक्ता दिलेर अंसारी ने राष्ट्रीय चैनलों पर होने वाली कई टीवी बहसों को देश की सामाजिक एकता के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि भारतीय संविधान में धर्मनिरपेक्षता का स्पष्ट उल्लेख है, जिसके तहत जाति, धर्म, संप्रदाय, लिंग, भाषा आदि के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस पूरे मामले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में प्रसारण को भारतीय संविधान और दंड संहिता की धाराओं 194(1), 195(2), 197 एवं 356 का उल्लंघन बताया गया है। फाउंडेशन ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सशक्त निगरानी तंत्र विकसित करने की मांग की है।

इस संबंध में शिकायत के साथ उक्त कार्यक्रम की वीडियो लिंक भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपी गई है।
