16 Jul 2026, Thu

छत्तीसगढ़ दौरे पर RSS प्रमुख मोहन भागवत, रायपुर में हिंदू सम्मेलन, युवा संवाद और सद्भावना बैठक में होंगे शामिल

रायपुर / छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत तीन दिन के दौरे पर रहेंगे। वे मंगलवार शाम करीब 8 बजे रायपुर पहुंचेंगे और प्रदेश प्रवास के दौरान हिंदू सम्मेलन, युवा संवाद और सद्भावना बैठक जैसे आयोजनों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान संगठन की विचारधारा, सामाजिक दायित्व और युवाओं की सक्रिय भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

31 दिसंबर को मोहन भागवत रायपुर जिले के अभनपुर स्थित सोनपैरी गांव में असंग देव कबीर आश्रम में आयोजित हिंदू सम्मेलन में शामिल होंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में राष्ट्रीय संत गुरुदेव असंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू होगा और लगभग दस एकड़ में आयोजित किया जाएगा। प्रदेश भर से हिंदू समाज के करीब 30,000 लोग सम्मेलन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके लिए विशाल डोम की व्यवस्था की गई है।

उसी दिन सुबह 9 से 12 बजे तक एम्स में युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है, जिसमें डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, सीए, व्यापारी सहित विभिन्न पेशेवर वर्ग के करीब दो हजार युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम प्रदेश में जनवरी में आयोजित होने वाले युवा सम्मेलनों की शुरुआत माना जा रहा है।

नए साल के पहले दिन, यानी 1 जनवरी को राम मंदिर में सामाजिक सद्भावना बैठक आयोजित की जाएगी। सुबह 9 से 12 बजे तक होने वाली इस बैठक में डॉ. मोहन भागवत मौजूद रहेंगे और प्रदेश के सभी समाजिक प्रमुखों के साथ सामाजिक विषयों पर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *