30 May 2026, Sat

“खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स” की मशाल यात्रा हुई शुरू, उप मुख्यमंत्रीअरुण साव ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर/ उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले देश के पहले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार के लिए मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मशाल यात्रा राज्य के सभी जिलों में घूमकर लोगों को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के बारे में जागरूक करेगी। यात्रा में आयोजन के शुभंकर मोरवीर, थीम-सांग और मशाल शामिल हैं, जो प्रदेशभर में खेलों के प्रति उत्साह और जानकारी फैलाएंगे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास कार्यालय से मशाल गौरव यात्रा को रवाना करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि देश में पहली बार आयोजित होने वाले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी राज्य को मिली है। उन्होंने इसके लिए भारत सरकार और केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया का धन्यवाद किया और कहा कि राज्य में इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स और वेट-लिफ्टिंग जैसे सात खेल शामिल किए गए हैं। इन खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए 7 और 8 जनवरी को ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। तीरंदाजी, तैराकी और एथलेटिक्स के लिए ट्रायल बिलासपुर स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में होंगे, जबकि हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती और वेट-लिफ्टिंग के लिए ट्रायल रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में आयोजित किए जाएंगे।

मशाल गौरव यात्रा को रवाना करने के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *