30 May 2026, Sat

अंबिकापुर, राजनांदगांव और जगदलपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, कोर्ट परिसर को कराया गया खाली, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

रायपुर / अंबिकापुर, जगदलपुर और राजनांदगांव जिला एवं सत्र न्यायालयों को आज सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी न्यायालयों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए संदिग्ध मेल के जरिए दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। एहतियातन तीनों जिलों के न्यायालय परिसरों को खाली करा लिया गया। वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगा दी गई। अचानक की गई इस कार्रवाई से कुछ समय के लिए कोर्ट परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की गई। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

बता दें कि एक माह पहले ही एक और ऐसी मेल आया था, जिसमें राजनांदगांव जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. वहीं बिलासपुर जिला कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है.

राजनांदगांव जिला न्यायालय को दूसरी बार धमकी भरा मेल मिलने से प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे फिर से एक संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद जिला प्रशासन दोबारा अलर्ट हो गया। बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमें न्यायालय परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच कर रही हैं।

फिलहाल तीनों जिलों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जांच एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता का पता लगाने में जुटी हुई हैं। सुरक्षा कारणों से न्यायालय परिसरों में सामान्य गतिविधियां अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *