अंबिकापुर/अंबिकापुर में भारतीय जनता पार्टी के संभाग स्तरीय कार्यालय के नए हाईटेक कैंपस के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव शामिल हुए। इस मौके पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री राम विचार नेताम सहित कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे।
भाजपा का यह नया भवन करीब 40 डिसमिल भूमि पर बनाया जाएगा, जबकि पार्टी को कुल 92 डिसमिल जमीन आवंटित की गई है। निर्माण की अनुमानित लागत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है और इसे पूरा होने में लगभग एक साल का समय लग सकता है।
बताया गया कि अंबिकापुर में भाजपा का पहले से कार्यालय मौजूद है, लेकिन जगह कम होने के कारण वीआईपी आगमन और पार्टी गतिविधियों में दिक्कत होती थी। इसी वजह से अब संभाग स्तरीय सुविधाओं से युक्त नया भवन तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भूमि पूजन के दौरान इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि दो करोड़ से अधिक लागत से भाजपा का नया कैंपस बनेगा। उन्होंने बताया कि करीब 90 डिसमिल जमीन पार्टी को आवंटित की गई है और पहले चरण में लगभग 20 डिसमिल क्षेत्र में निर्माण किया जाएगा।
