30 May 2026, Sat

रायपुर में खुला छत्तीसगढ़ का पहला अंतरिक्ष केंद्र, सीएम साय ने किया लोकार्पण


रायपुर/ छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राखी में प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भारत के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने संयुक्त रूप से इस अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर शुभांशु शुक्ला ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने अंतरिक्ष अनुभव साझा किए, जिसे लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह अंतरिक्ष केंद्र राज्य के बच्चों के लिए नए सपनों और संभावनाओं के द्वार खोलेगा। अब छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक को नजदीक से समझ सकेंगे और इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे। यह केंद्र आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस है, जहां सैटेलाइट निर्माण, उसकी जांच और ट्रैकिंग से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इसके लिए विशेष लैब, ग्राउंड स्टेशन और कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन रायपुर और आईडीवायएम फाउंडेशन के सहयोग से शुरू किए गए “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” के तहत इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आकार दिया गया है। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहब भी मौजूद रहे, जबकि बड़ी संख्या में छात्र और शिक्षक कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अंतरिक्ष केंद्र के ब्रांड एंबेसडर कैप्टन शुभांशु शुक्ला होंगे, जो छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। इस पहल से राज्य के शैक्षणिक और वैज्ञानिक क्षेत्र में एक नई अंतरिक्ष क्रांति की शुरुआत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *