30 May 2026, Sat

बोर्ड परीक्षा से पहले बड़ा झटका: 75% से कम हाजिरी पर 1413 छात्रों की परीक्षा रद्द

रायपुर/ छत्तीसगढ़ में सीजी बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 75 प्रतिशत अनिवार्य उपस्थिति के नियम को सख्ती से लागू करते हुए 10वीं और 12वीं के कुल 1413 विद्यार्थियों को मुख्य बोर्ड परीक्षा से वंचित कर दिया है। कम उपस्थिति के कारण इन छात्रों का वर्ष बैक घोषित किया गया है और वे इस सत्र की परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे।

मंडल से मिली जानकारी के अनुसार 10वीं कक्षा के 1,063 और 12वीं कक्षा के 350 विद्यार्थी निर्धारित 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी नहीं कर पाए। नियम के मुताबिक नियमित विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 75% उपस्थिति अनिवार्य है। निर्धारित उपस्थिति से कम रहने पर छात्रों को बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाती, जब तक कि विशेष परिस्थितियों में वैध मेडिकल प्रमाणपत्र के आधार पर छूट स्वीकृत न हो।

इधर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होकर 13 मार्च 2026 तक चलेगी। इस वर्ष 10वीं में 3,20,535 छात्र पंजीकृत हैं और उनके लिए 2,510 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं 12वीं की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च 2026 तक संचालित होगी। 12वीं में 2,45,785 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं और 2,395 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

मंडल ने सत्र की शुरुआत में ही स्पष्ट कर दिया था कि 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। जिला शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों में नियमित रूप से उपस्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए थे। कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को समय-समय पर सूचना देने और अतिरिक्त कक्षाओं व परामर्श की व्यवस्था करने की भी सलाह दी गई थी। इसके बावजूद निर्धारित मानक पूरा नहीं करने वाले छात्रों को परीक्षा से वंचित किया गया है।

दिव्यांग, दुर्घटना में घायल अथवा स्वयं लिखने में असमर्थ विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे परीक्षार्थियों को लेखक (राइटर) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और जरूरत के अनुसार अलग परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं, ताकि उन्हें परीक्षा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंडल का कहना है कि यह निर्णय नियमित अध्ययन को प्रोत्साहित करने और शैक्षणिक अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। अब प्रभावित विद्यार्थी अपनी उपस्थिति सुधारकर अगले शैक्षणिक सत्र में परीक्षा दे सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *