बिलासपुर/ बिलासपुर के तिफरा इंडस्ट्रियल क्षेत्र स्थित एक केमिकल-पेंट फैक्ट्री में आज भीषण आग लग गई। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में स्थित अनव इंडस्ट्रीज में पेंट, टाइल्स और पुट्टी निर्माण का कार्य किया जाता है, जिसमें बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल का उपयोग होता है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गोदाम के पास अचानक आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। केमिकल सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती गई और पूरा इलाका धुएं से भर गया। आग की तेज लपटें और काला धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के उद्योगों और दुकानों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार घटना के समय फैक्ट्री में कर्मचारी काम कर रहे थे। आग लगते ही कर्मचारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि फैक्ट्री में रखे सामान और गोदाम को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि न तो फायर सेफ्टी सिस्टम पर्याप्त था और न ही आपात स्थिति से निपटने के लिए समुचित प्रबंध दिखाई दिए। औद्योगिक क्षेत्र में ज्वलनशील केमिकल के भंडारण और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने प्रारंभिक जांच के आधार पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बिजली से संबंधित काम चल रहा था, उसी दौरान चिंगारी से आग भड़कने की संभावना है। पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर नियंत्रण के प्रयास जारी हैं।
गौरतलब है कि दो महीने पहले इसी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में आग लगने से दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल उठे थे। लगातार दूसरी बड़ी आग की घटना ने प्रशासन और उद्योग प्रबंधन की तैयारियों पर फिर से प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
