अम्बिकापुर/ ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ कहलाने वाले मैनपाट की वादियां इन दिनों संगीत की मधुर धुनों से सराबोर रहीं। 13 से 15 फरवरी तक आयोजित मैनपाट महोत्सव 2026 में छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्यों और बॉलीवुड प्रस्तुतियों ने ऐसा रंग जमाया कि दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
महोत्सव की सबसे चर्चित प्रस्तुति रही युवा गायक सचिन गुप्ता की। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। एक घंटे तक चली उनकी प्रस्तुति में दर्शक पूरी तरह संगीतमय माहौल में खो गए। फिल्मी गीतों से लेकर देशभक्ति तरानों और महाशिवरात्रि के पूर्व भगवान भोलेनाथ को समर्पित भजनों ने वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।
सचिन गुप्ता ने अपनी गायकी के जरिए न सिर्फ श्रोताओं का मनोरंजन किया, बल्कि कोरिया जिले का नाम भी गर्व से रोशन किया।

कोरिया जिले से लेकर रायपुर तक अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से सचिन गुप्ता पहले ही एक अलग पहचान बना चुके हैं। और क्षेत्रीय संगीत जगत में एक बेहरीन कलाकार के रूप में खुद को स्थापित किया है।

आज मैनपाठ महोत्सव में एक बार फिर उनकी प्रस्तुति में लोक और आधुनिक संगीत का सुंदर संगम देखने को मिला, जिसने हर उम्र के दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों ने सचिन गुप्ता की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

वक्ताओं ने कहा कि “संगीत की यह शाम इतनी मनमोहक रही कि एक घंटा कब बीत गया, पता ही नहीं चला।”
मैनपाट की वादियों में सजे इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत के संगम का जीवंत उत्सव है। हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
