13 Jun 2026, Sat

कोरिया जिले के चरचा कॉलरी में धमाका, गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से के. वी. नंदन की दर्दनाक मौत

आरजू अंसारी

कोरिया/ जिले के चरचा क्षेत्र स्थित एसईसीएल की चरचा कॉलरी के चाइना ब्लॉक में शनिवार देर रात हुए एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गैस सिलेंडर में हुए विस्फोट की आशंका के बीच इस हादसे में एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे चाइना ब्लॉक क्षेत्र में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

विस्फोट की चपेट में आने से एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस टीम और एसईसीएल प्रबंधन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस और रेस्क्यू टीम ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर विस्फोट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना के बाद एसईसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदारों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *