आरजू अंसारी
जांजगीर-चांपा/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह में नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग का सब डिवीजन कार्यालय तथा सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना एवं सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे सशक्त कड़ी है। नगर पंचायतें केवल प्रशासनिक इकाइयां नहीं, बल्कि नागरिकों की आकांक्षाओं को धरातल पर उतारने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को दायित्व सौंपा है, उसका परिणाम पारदर्शी प्रशासन, संवेदनशील कार्यशैली और विकास के रूप में दिखाई देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचनाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधासंपन्न बनाना है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्के मकान, किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य, महिलाओं को महतारी वंदन योजना के माध्यम से आर्थिक संबल तथा युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण केवल बड़े शहरों के विकास से नहीं, बल्कि बम्हनीडीह जैसे उभरते नगरीय क्षेत्रों को मजबूत बनाने से होगा। राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बेहतर नागरिक सेवाओं और सुनियोजित विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बम्हनीडीह नगर पंचायत जनभागीदारी, सुशासन और विकास का आदर्श मॉडल बनकर उभरेगी तथा आने वाले वर्षों में क्षेत्र की नई पहचान बनेगी।

समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, नारायण चंदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
