आरजू अंसारी
रायपुर/ रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने फाफाडीह स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव में शामिल होकर शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव बताया।
उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और पुस्तकें भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विधायक पुरन्दर मिश्रा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है। उन्होंने कहा कि बच्चों के हाथों में किताब और मन में अच्छे संस्कार होंगे तो देश का भविष्य सुरक्षित और समृद्ध होगा।
विधायक ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, पूरी लगन से पढ़ाई करने, समय का सम्मान करने और अपने माता-पिता व गुरुजनों के सपनों को साकार करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली पहचान है।
इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान अर्जित करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा सिफ़त परवीन, पिता जाहिद खान, को 11 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले विद्यार्थियों से जो संकल्प कराया गया था, उसे सिफ़त परवीन ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पूरा कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों का सम्मान पूरे समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करता है और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

विधायक ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों को सफल, संस्कारित और आत्मनिर्भर बना सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद भी किया और उनकी शिक्षा व उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में रायपुर शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, अकबर अली, संदीप जंघेल, संजय जोशी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा, जहां बच्चों के हाथों में किताब, आंखों में सपने और समाज का विश्वास होता है, वहीं से विकसित भारत की नई कहानी लिखी जाती है। शिक्षा का हर कदम राष्ट्र के स्वर्णिम भविष्य की ओर बढ़ता हुआ कदम है।
