16 Jul 2026, Thu

कुंवरपुर जलाशय में स्वच्छता का महाअभियान, युवाओं ने हटाया कचरा दिया जिम्मेदार पर्यटन का संदेश

लखनपुर /सरगुजा– प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कुंवरपुर जलाशय में स्वच्छता का महाअभियान चलाया गया। छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में पर्यटक सेवा समिति, जिला सरगुजा के तत्वावधान में आयोजित अभियान में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जलाशय परिसर में फैले कचरे की सफाई की।

समिति के जिलाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान जलाशय के आसपास फैले प्लास्टिक, डिस्पोजल सामग्री, कांच की बोतलों और अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। युवाओं ने ग्लव्स और मास्क पहनकर परिसर के विभिन्न हिस्सों, पगडंडियों, झाड़ियों और जलाशय किनारे की सफाई की तथा एकत्रित कचरे का सुरक्षित निपटान कराया।

कुंवरपुर जलाशय जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। लेकिन लोगों की लापरवाही के कारण यहां प्लास्टिक और अन्य कचरा फैल रहा था, जिससे पर्यावरण और पर्यटन स्थल की सुंदरता प्रभावित हो रही थी। इसी को देखते हुए पर्यटक सेवा समिति ने स्वच्छता अभियान चलाकर जिम्मेदार पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन स्थल हमारी प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन्हें स्वच्छ और सुरक्षित रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और विकसित पर्यटन स्थलों का निर्माण संभव है।

पर्यटक सेवा समिति के जिलाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण की भावना जागृत करना है। उन्होंने बताया कि मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।

अभियान के माध्यम से पर्यटकों और नागरिकों से अपील की गई कि वे पर्यटन स्थलों पर कचरा न फैलाएं, प्लास्टिक का उपयोग कम करें और प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *