16 Jul 2026, Thu

मनेन्द्रगढ़ को मेडिकल कॉलेज की सौगात, भाजपा कार्यकर्ताओं ने रंग-गुलाल और मिठाइयों के साथ मनाया जश्न

मनेन्द्रगढ़/ मनेन्द्रगढ़ को मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने पर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल मनेन्द्रगढ़ एवं विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं ने हजारी चौक में उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया, मिठाइयां खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा आतिशबाजी कर ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इसे मनेन्द्रगढ़ सहित पूरे एमसीबी जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ विकास को भी नई गति मिलेगी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए बेहतर चिकित्सा व्यवस्था, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। इससे आसपास के जिलों के लोगों को भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए मनेन्द्रगढ़ को मिली इस ऐतिहासिक सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *