कोरिया/ कोरिया जिले के ग्राम रनई के लिए आज गर्व और हर्ष का अवसर है। ग्राम के निवासी एवं प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित आलोक तिवारी (मनीष) को ज्योतिष एवं वास्तु शास्त्र के क्षेत्र में उनके विशेष अनुभव, शोध एवं उल्लेखनीय योगदान के आधार पर मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) की उपाधि से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान के साथ अब वे “डॉ. आलोक तिवारी” के नाम से जाने जाएंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे ग्राम रनई सहित आसपास के क्षेत्र में प्रसन्नता का माहौल है।
डॉ. आलोक तिवारी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्राम रनई के शासकीय विद्यालय से प्राप्त की। एक छोटे से ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने अपने परिश्रम, लगन एवं निरंतर अध्ययन के बल पर ज्योतिष और वास्तु के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। आज उनके परामर्श और ज्ञान का लाभ देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले लोग भी प्राप्त कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि व्यक्ति में दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत करने का जज्बा हो, तो वह किसी भी क्षेत्र में सफलता के शिखर तक पहुंच सकता है।
डॉ. आलोक तिवारी ने बताया कि वे ज्योतिष शास्त्र के प्रचार-प्रसार और नई पीढ़ी को इस विद्या से जोड़ने के उद्देश्य से अपने यूट्यूब चैनल “Alok Tiwari ASTROLOGER” के माध्यम से निःशुल्क ज्योतिष शिक्षा भी प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति ज्योतिष सीखने के इच्छुक हैं, वे उनके यूट्यूब चैनल के माध्यम से बिना किसी शुल्क के इस प्राचीन विद्या का अध्ययन कर सकते हैं। उनका उद्देश्य भारतीय ज्योतिषीय परंपरा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना तथा इसे वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करना है।
डॉ. आलोक तिवारी की इस उपलब्धि पर उनके बचपन के मित्र एवं ग्राम रनई निवासी शशि प्रकाश जायसवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वे आलोक तिवारी को बचपन से जानते हैं। उनके अनुसार आलोक जिस कार्य को अपने हाथ में लेते हैं, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि आज उनकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि वे “डॉ. आलोक तिवारी” के नाम से सम्मानित हुए हैं। यह केवल उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गांव और उनके सभी मित्रों के लिए गर्व का विषय है।

वहीं डॉ. आलोक तिवारी के मामा राम सुशील पाण्डेय ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज उनके परिवार के साथ-साथ पूरे ग्राम और क्षेत्र के लोगों के लिए यह गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि आलोक बचपन से ही परिश्रमी, अनुशासित और दृढ़ संकल्प वाले रहे हैं। उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार मेहनत की और आज उसी परिश्रम का प्रतिफल उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि के रूप में मिला है।

डॉ. आलोक तिवारी की इस उपलब्धि पर ग्राम रनई सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि उनकी यह सफलता गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा आने वाली पीढ़ी को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा देगी।
