मनेंद्रगढ़ /मनेंद्रगढ़ में तिरंगा यात्रा के दौरान स्कूल समय में यूनिफॉर्म पहने नाबालिग छात्र-छात्राओं को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की रैली में शामिल किए जाने को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने आपत्ति जताई है। उन्होंने रैली के दौरान राष्ट्रीय ध्वज से ऊपर एबीवीपी का झंडा प्रदर्शित किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसे में तिरंगे से ऊपर किसी संगठन का झंडा प्रदर्शित किया जाना राष्ट्रीय सम्मान की भावना के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और इसकी जांच होनी चाहिए।

कमरो ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि स्कूल समय में नाबालिग छात्र-छात्राओं को राजनीतिक गतिविधि से जुड़े कार्यक्रम में ले जाने की अनुमति किस स्तर से दी गई। उन्होंने प्रशासन से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

पूर्व विधायक ने कहा कि स्कूली बच्चों को शिक्षा के माहौल से दूर कर राजनीतिक गतिविधियों में शामिल करना उचित नहीं है। उन्होंने भाजपा और उससे जुड़े संगठनों से स्कूली बच्चों को राजनीति का माध्यम नहीं बनाने की अपील की।
