28 Nov 2026, Sat

मजदूरी के लिए पेंड्रा गया कोरिया का युवक,13 दिनों से लापता, जगदीश पनिका का नहीं मिल रहा सुराग

कोरिया/मझगवां– ग्राम पंचायत मझगवां निवासी 38 वर्षीय जगदीश पनिका पिछले 13 दिनों से लापता हैं। मिली जानकारी के अनुसार, गांव का एक युवक उन्हें मजदूरी करने के लिए अपने साथ पेंड्रा रोड गौरेला लेकर गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद वह जगदीश पनिका को छोड़कर कही चला गया। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।

जगदीश पनिका के बेटे रूपेश पनिका ने अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट पेंड्रा थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनके पिता गांव के ही एक युवक के साथ मजदूरी करने के लिए पेंड्रा रोड गौरेला गए थे। पिता के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद रूपेश ने स्वयं गौरेला पहुंचकर उनकी तलाश की। उन्होंने गौरेला रेलवे स्टेशन, मंगली बाजार, ज्योतिपुर, पेंड्रा सहित कई स्थानों पर उनकी खोजबीन की, लेकिन कहीं भी उनके पिता का कोई पता नहीं चल सका।

रूपेश पनिका का कहना है कि उनके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वे ठीक से बातचीत भी नहीं कर पाते हैं। ऐसे में 13 दिनों से अधिक समय से उनका लापता होना परिवार के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। परिजनों को आशंका है कि कहीं उनके पिता किसी परेशानी में न हों या उनके साथ कोई अनहोनी न हो जाए।

पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई है। इसके बावजूद अभी तक जगदीश पनिका का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनके लापता होने से परिजन और गांव के लोग चिंतित हैं और लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

आम लोगों से अपील: यदि किसी भी व्यक्ति को जगदीश पनिका के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या वे गौरेला, पेंड्रा अथवा आसपास के क्षेत्र में दिखाई देते हैं, तो कृपया तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या उनके परिजनों को सूचना दें। इसके अलावा परिजनों के मोबाइल नंबर 8103392120, 8817067326 पर भी संपर्क कर जानकारी दे सकते हैं। आपकी एक छोटी-सी जानकारी भी एक परिवार को उनके लापता सदस्य से मिलाने में मददगार साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *