आरजू अंसारी
कोरिया/ नगर पालिका बैकुंठपुर के वार्ड क्रमांक 20 अंतर्गत जूना पारा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। क्षेत्र की सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी हैं,जिसके कारण रात होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। वहीं दूसरी ओर नियमित साफ-सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार,सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइट खराब होने के कारण रात में आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अंधेरे के चलते राहगीरों,महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी नगर पालिका बैकुंठपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) साहब तरुण एक्का को कई बार दी जा चुकी है,लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराई गई और न ही नई लाइट लगाई गई।
सफाई व्यवस्था भी बदहाल, झाड़ू-तक नियमित नहीं
क्षेत्र में केवल रोशनी की समस्या ही नहीं,बल्कि सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित नजर आ रही है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नियमित रूप से झाड़ू नहीं लगाया जाता। इसके कारण जगह-जगह कचरा और गंदगी जमा रहती है। लंबे समय तक सफाई नहीं होने से क्षेत्र में दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
वार्ड पार्षद को सूचना देने के बाद भी नहीं हुआ समाधान
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड की समस्याओं से संबंधित वार्ड पार्षद को भी अवगत कराया गया है। इसके बावजूद अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से वार्डवासियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
नगर पालिका प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
वार्ड क्रमांक 20 जूनापारा के नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाए अथवा नई लाइटें लगाई जाएं। इसके साथ ही नियमित सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था कर प्रतिदिन झाड़ू और कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए।
अब सवाल यह उठता है कि जब नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों और वार्ड पार्षद को समस्याओं की जानकारी दी जा चुकी है,तो आखिर अब तक समाधान क्यों नहीं हुआ? क्या वार्डवासियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए इसी तरह परेशान होते रहना पड़ेगा?
फिलहाल वार्ड क्रमांक 20 जूनापारा के नागरिकों को नगर पालिका प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या को कब तक संज्ञान में लेकर धरातल पर सुधार करते हैं।

