कोरिया/ छत्तीसगढ़ सरकार 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस मनाने जा रही है। इससे पहले पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
गुलाब कमरो ने कहा कि रायगढ़ जिले में आदिवासी अपनी जल-जंगल-जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है। एक ओर कोयला खदानों के लिए जमीन अधिग्रहण और जनसुनवाई को लेकर आदिवासी समाज अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर भव्य आयोजन कर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब आदिवासी अपनी जमीन और अधिकारों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब उनकी आवाज और समस्याओं को अनसुना कर सरकार किस बात का जनजातीय गौरव दिवस मना रही है?
पूर्व विधायक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का सम्मान केवल मंच सजाने और जयंती मनाने से नहीं होगा, बल्कि उनके विचारों पर चलते हुए आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करनी होगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जल-जंगल-जमीन के रक्षक थे, लेकिन आज भाजपा सरकार आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन की रक्षक बनने के बजाय भक्षक बन रही है।
