आरजू अंसारी
बैकुंठपुर – किसानों के हित में विष्णुदेव साय सरकार का ऐतिहासिक निर्णय, धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना को लेकर भाजपा किसान मोर्चा की प्रेसवार्ता बैकुण्ठपुर विश्राम गृह में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता बाबूलाल अग्रवाल, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णबिहारी जायसवाल, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह, किसान मोर्चा जिला प्रभारी आशुतोष दुबे, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवचरण साहू, जिला मीडिया तीरथ राजवाड़े, जिला सह प्रभारी वर्षा साहू, जिला महामंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष अनिल खटिक,संजय चिकनजूरी, संदीप साहू, महामंत्री हरिओम साहू उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एम.सी.बी संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान उपार्जित कर कृषक उन्नति योजना अंतर्गत प्रति क्विंटल 3100 रूपये से न्यूनतम समर्थन मूल्य के अंतर की राशि का भुगतान किसानों को किया जाता रहा है। परंतु अब योजना अंतर्गत प्रति एकड़ की दर से किसानों को एक समान आदान सहायता राशि दिए जाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, जिसके तहत किसानों को प्रति एकड़ राशि रू. 13,839 दिया जावेगा। इस प्रावधान से किसानों को अपनी आवश्यकता एवं सुविधानुसार धान विक्रय की स्वतंत्रता मिलेगी तथा रकबे की तुलना में कम मात्रा में धान बेचने पर भी उन्हें निर्धारित प्रोत्साहन राशि का लाभ सुनिश्चित होगा। यह निर्णय किसानों की आय में वृद्धि, आर्थिक सुरक्षा एवं कृषि के प्रति प्रोत्साहन की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।
उन्हांेने कहा कि, किसानों से योजना के माध्यम से फसल विविधीकरण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि किसान वैकल्पिक लाभकारी फसलों की ओर आगे बढ़ सकें। इस दिशा में योजनान्तर्गत धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ रू. 11,000 से बढ़ाकर रू. 15,000 दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इस घटक के तहत अबतक 52 हजार से अधिक किसानों द्वारा 28 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन करा लिया गया है।
इसके अतरिक्त धान के अलावा अन्य फसल यथा दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ रू. 10,000 दिए जाने का प्रावधान है। इस घटक के तहत अबतक 4.26,185 किसानों द्वारा 02 लाख 06 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन करा लिया गया है।
खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को अबतक रू. 35,904 करोड़ 90 लाख का भुगतान किया जा चुका है। खरीफ 2023 हेतु 13,289 करोड़, खरीफ 2024 हेतु 11,976 करोड़ एवं खरीफ 2025 हेतु 10,639 करोड़ का भुगतान योजनान्तर्गत प्रदेश के किसानों को किया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों से किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था, किसानों को आर्थिक सहायता, कृषि सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की मेहनत से ही प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होता है। भाजपा सरकार का संकल्प है कि अन्नदाताओं को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, उनकी आय में वृद्धि हो और उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित एवं समृद्ध बने।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसान कल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ ही प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान कर रही हैं।
